देहरादून: नए मंत्रियों को निजी स्टाफ आवंटित, विभागों के बंटवारे पर आज फैसला संभव
देहरादून। उत्तराखंड में हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सरकार ने प्रशासनिक प्रक्रिया को तेज करते हुए नए मंत्रियों के लिए निजी स्टाफ की तैनाती कर दी है। हालांकि, विभागों का अंतिम बंटवारा अब शनिवार को होने की संभावना जताई जा रही है।
सचिवालय प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पांच अधिकारियों को विभिन्न मंत्रियों के साथ संबद्ध किया गया है। इसके तहत गोपाल नयाल को मंत्री राम सिंह कैड़ा, हरीश कुमार को मंत्री खजान दास, विजय पाल को मंत्री भरत सिंह चौधरी, राजकुमार पाठक को मंत्री प्रदीप बत्रा और अमित कुमार को मंत्री मदन कौशिक के निजी स्टाफ में नियुक्त किया गया है।
बताया गया है कि ये सभी अधिकारी पहले विभिन्न विभागों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्य कर चुके हैं और अब उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, मंत्रियों के विभागों का बंटवारा शुक्रवार को नहीं हो सका। हालांकि, इस संबंध में फाइलों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की व्यस्तता के चलते पोर्टफोलियो वितरण में देरी हुई है। मुख्यमंत्री वर्तमान में हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में अब उम्मीद की जा रही है कि शनिवार शाम तक विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


