देहरादून में दर्दनाक हादसा: छोटी बहन को बचाने दौड़ी बड़ी, बरसाती नाले ने छीन ली दोनों मासूमों की जिंदगी
देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में बरसाती नाले में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत के बाद शोक का माहौल।
क्लेमेंटटाउन की नई बस्ती में नहाने के दौरान अचानक बढ़ा नाले का जलस्तर, रैंप के नीचे फंसी मिलीं दोनों सगी बहनें; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
देहरादून, 30 जुलाई 2026: देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार शाम एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। लगातार हो रही बारिश के बीच बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। कुछ ही पलों में खेलते-खेलते दोनों बच्चियों की जिंदगी खत्म हो गई और परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और 3 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों अपनी मां रीना कुमारी के घर के बाहर बने बरसाती नाले में नहा रही थीं। आसपास के लोगों के अनुसार, अचानक बारिश के कारण नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। छोटी बहन सोनाक्षी तेज बहाव की चपेट में आ गई। उसे बचाने के लिए बड़ी बहन लक्ष्मी बिना एक पल गंवाए आगे बढ़ी, लेकिन वह भी उफनते पानी के सामने बेबस हो गई। देखते ही देखते दोनों बहनें बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं।
शाम करीब चार बजे घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों बच्चियों की तलाश में जुट चुके थे। काफी मशक्कत के बाद रैंप के नीचे बड़ी बच्ची का पैर दिखाई दिया, जिसके बाद दोनों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चियां बरसाती नाले में नहा रही थीं, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे उसकी चपेट में आ गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बच्चियों का परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। रोजी-रोटी की तलाश में परिवार कई वर्षों से देहरादून की नई बस्ती में रह रहा था। किसी ने भी नहीं सोचा था कि घर के बाहर खेलते-खेलते दो मासूम बेटियां हमेशा के लिए अपने माता-पिता का साथ छोड़ देंगी। हादसे के बाद मां रीना कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
लगातार हो रही बारिश के कारण देहरादून समेत उत्तराखंड के कई इलाकों में बरसाती नाले और गदेरे उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को नालों, गदेरों और जलभराव वाले स्थानों के पास न जाने दें। थोड़ी-सी लापरवाही भी ऐसे दर्दनाक हादसों का कारण बन सकती है, इसलिए खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


