नैनीताल: महाशिवरात्रि पर छोटा कैलाश धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, चाक- चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद अंतर्गत प्रसिद्ध शिव धाम छोटा कैलाश में भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। महाशिवरात्रि पर्व में जलाभिषेक के लिए 14 तारीख से ही यहां भक्तों का आगमन शुरू हो गया था और अब तक डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर लिए हैं। वही भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव धाम छोटा कैलाश में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। छोटा कैलाश धाम नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक में एक पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित है, यहाँ तक पहुँचने के लिए आपको हल्द्वानी से सड़क मार्ग पर अमृतपुर, भौर्सा होते हुए पिनरों गाँव तक पहुंचना होता है। पिनरों गाँव से 3-4 किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़ने के बाद आप उस पहाड़ी के शीर्ष पर पहुँच जाते हैं जहाँ भगवान शिव का एक पुरातन मंदिर है।
महाशिवरात्रि पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम लगा जिसमे जय-भोले, जय-शंकर, जय-भंडारी एवं जय सम्भूनाथ के जयकारों से यहाँ की पहाड़ियाँ शिवमय हो उठी। छोटा कैलाश मन्दिर में दूर दराज से आए भक्तो के लिए उचित व्यवस्था की गई। इसके साथ-साथ प्रसाद तथा भंडारे का आयोजन भी किया गया। जिसका भक्तो ने खूब आनन्द उठाया।

नैनीताल पुलिस की चाक- चौबंद व्यवस्था
एसएसपी नैनीताल डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पर्व के सफल आयोजन के दृष्टिगत एसपी नैनीताल डॉ0 जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेश यादव सहित सभी प्रभारी अधिकारी रात्रि से ही छोटा कैलाश मंदिर में मौजूद रहे, तथा ड्यूटीरत पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए गए। भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस द्वारा पंक्तिबद्ध तरीके से सभी श्रद्धालुओं को दर्शन कराए जा रहे है। श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत मंदिर परिसर में खोया पाया केंद्र बनाया गया है। यातायात तथा पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है जिससे श्रद्धालु निर्बाध रूप से मंदिर पहुंच पा रहे है।
इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने अपने थाना क्षेत्र के मंदिरों में भीड़ नियंत्रण/ भक्तजनों की सुरक्षा हेतु पुलिस बल को तैनात किया गया है। सभी संवेदनशील तथा भीड़ भाड़ वाले स्थानों में प्रभावी रूप से BDS चेकिंग भी की जा रही है।
नैनीताल पुलिस सभी भक्तजनों का स्वागत करती है, अधिक से अधिक संख्या में दर्शन करने आए, पुलिस आपकी सुरक्षा हेतु तत्पर है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


