उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को रफ्तार, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए बड़े निर्देश
देहरादून: प्रदेश की रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा बैठक लेते मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन।
जागेश्वर धाम से केदारनाथ तक रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा, मसूरी रोपवे की बाधाएं तीन दिन में दूर करने के निर्देश
देहरादून, 05 मई 2026: उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मसूरी, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और प्रस्तावित जागेश्वर धाम रोपवे परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश में रोपवे परियोजनाओं के लिए ब्रिडकुल को नियामक प्राधिकरण के रूप में मजबूत किया जाए और इसकी भूमिका व जिम्मेदारियों का ड्राफ्ट शीघ्र तैयार किया जाए। उन्होंने जागेश्वर धाम योजना में भी रोपवे परियोजना शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश में बनने वाले रोपवे प्रोजेक्ट्स की प्राथमिकता तय करने के लिए प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में एक उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया। इस समिति में सचिव पर्यटन, सचिव आवास, सचिव लोक निर्माण विभाग और नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को शामिल किया गया है।
मुख्य सचिव ने मसूरी रोपवे परियोजना की समीक्षा करते हुए लोअर टर्मिनल के पास सार्वजनिक सड़क मार्ग से जुड़े मामलों का निस्तारण अगले तीन दिनों में करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना तय समय सीमा में पूरी हो सके।
केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने केदारनाथ रोपवे के लिए लॉजिस्टिक्स ड्राई रन कर असुरक्षित स्थानों का चिन्हीकरण और सुधार कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही कुंड ब्रिज और नई बाईपास सड़क को शीघ्र पूरा करने को कहा।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ रोपवे के लोअर टर्मिनल पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और इसके लिए भूमि चिन्हीकरण व हस्तांतरण प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हेमकुंड और केदारनाथ रोपवे परियोजनाओं का पर्ट चार्ट तैयार कर सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि केदारनाथ रोपवे परियोजना का एग्रीमेंट साइन हो चुका है और एलओए जारी किया जा चुका है। परियोजना का लिडार सर्वे पूरा हो गया है जबकि तकनीकी और टोपोग्राफी सर्वे का कार्य जारी है। वहीं हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए भी एलओए जारी हो चुका है और भूमि सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


