चारधाम यात्रा 2026: ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 30 काउंटर और मोबाइल टीमें तैनात, तैयारियां तेज
डीएम सविन बंसल ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा—24×7 कंट्रोल रूम, मेडिकल टीम, मुफ्त भोजन और पेयजल पर विशेष जोर
देहरादून, 15 अप्रैल 2026। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन होने जा रही है। यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर और 30 मोबाइल टीमें सक्रिय रखी जाएं। इनमें 25 टीमें दिन में और 5 टीमें रात्रि के समय होटल, धर्मशाला और आश्रमों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी। कैंप में 24 काउंटर और आईएसबीटी पर 6 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि 7100 बेड विभिन्न ठहराव स्थलों पर चिन्हित किए गए हैं।
उन्होंने ट्रांजिट कैंप में बड़ी स्क्रीन लगाकर होटल, धर्मशालाओं और उपलब्ध बेड की जानकारी प्रदर्शित करने तथा फ्लेक्स के माध्यम से सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने और सभी विभागों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में यात्री सहायता केंद्र संचालित किया जाए और यात्रियों के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेने को भी कहा गया।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए कि ऋषिकेश और हरबर्टपुर ट्रांजिट कैंप में 24×7 मेडिकल टीमें तैनात रहें। कुल 6 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 3-3 टीमें दोनों स्थानों पर कार्य करेंगी।
पेयजल की व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रा पड़ावों और बैरियर पर पर्याप्त पेयजल, मोबाइल शौचालय और टेंट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल निगम द्वारा समय पर कार्य पूरा न करने पर जिलाधिकारी ने सभी अनुमति निरस्त करते हुए 19 अप्रैल से पहले सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट ठीक करने के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से मौके पर ही 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


