चम्पावत: देवीधुरा में सीएम धामी का छात्र-छात्राओं से संवाद, मां वाराही धाम विकास कार्यों का निरीक्षण
देवीधुरा में छात्र-छात्राओं से संवाद करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देवीधुरा में छात्रों से संवाद के साथ माँ वाराही धाम विकास कार्यों का निरीक्षण, सीएम धामी ने दिए तेजी से काम के निर्देश
चम्पावत, 16 मई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान देवीधुरा पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा का भ्रमण किया, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारण को लेकर बातचीत की तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और निरंतर प्रयास के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री धामी ने देवीधुरा में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि माँ वाराही धाम उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है, जिसका विकास इसकी पौराणिक गरिमा को संरक्षित रखते हुए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
जानकारी के अनुसार लगभग ₹15 करोड़ की लागत से माँ वाराही मंदिर के भव्य नवनिर्माण का कार्य चार खाम सात थोक एवं माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि स्थापत्य कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को “निपुण का संगीत” पुस्तक भी भेंट की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


