Chamoli News: तमक नाले में अतिवृष्टि से लापता चालक हवलदार का शव 12 दिन बाद बरामद
तमक नाले में लापता चालक हवलदार की 12 दिन बाद तलाश पूरी, धौलीगंगा किनारे मिला शव
तमक नाले में तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने के बाद लापता हुए पंकज रुधौला का शव धौलीगंगा नदी किनारे भलागांव के पास मिला; 12 दिन तक चला सघन सर्च अभियान।
चमोली, 22 अगस्त 2026। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप 10 अगस्त को तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद आए तेज बहाव और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) की 123 इकाई में तैनात चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार को धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के समीप शव मिलने के बाद लंबे समय से चल रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान का अंत हुआ।
घटना के बाद चमोली पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमों ने व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया था। तमक नाले से लेकर आसपास के संभावित क्षेत्रों और नदी किनारे लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
लापता जवान की तलाश में सर्च एंड रेस्क्यू डॉग स्क्वॉड के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की विशेष टीमें भी जुटी रहीं। दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में संभावित स्थानों की निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली गई। तेज बहाव, भारी मलबे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी रहीं।
लगातार 12 दिनों तक चले सघन अभियान के बाद शनिवार को भलागांव के समीप धौलीगंगा नदी किनारे पंकज रुधौला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


