सीईओ बीकेटीसी विशाल मिश्रा ने किया बद्रीनाथ धाम का निरीक्षण, कपाट खुलने से पहले तैयारियां तेज
20 अप्रैल तक पूर्ण हों व्यवस्थाएं, फूलों और रंग-रोगन पर विशेष जोर
रुद्रप्रयाग। श्री बद्रीनाथ धाम में आगामी 23 अप्रैल को कपाट खुलने से पूर्व तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना 20 अप्रैल तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
विशाल मिश्रा ने परिसर में चल रहे सफाई और रंग-रोगन कार्यों का भी अवलोकन किया और मौके पर कार्य कर रहे श्रमिकों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य कार्याधिकारी ने मंदिर प्रभारी को निर्देश दिए कि नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा 20 अप्रैल तक पूरी कर ली जाए। साथ ही बद्रीनाथ धाम की फूलों से सजावट 22 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गेंदे और रंग-बिरंगे गुलाब के फूलों के उपयोग पर जोर दिया और दानदाताओं को समय रहते सूचित करने को कहा।
धाम परिसर में लगे सभी CCTV कैमरों को दुरुस्त कर कपाट खुलने से पहले उनका ट्रायल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतारों में स्क्रीन लगाने और ज्योर्तिमठ व धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा, पूरे मंदिर परिसर में 20 अप्रैल से पहले आकर्षक साइनेज लगाने को कहा गया, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर मार्गदर्शन और सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योर्तिमठ, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, बीकेटीसी के कार्मिक और मास्टर प्लान से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


