तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर उत्तराखंड में जश्न: सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं संग बांटी खुशियां, खिलाई झालमुड़ी
देहरादून भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में जीत का जश्न मनाते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा कार्यकर्ता।
देहरादून भाजपा मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों, रंग-गुलाल और मिठाइयों के साथ मनाया गया जीत का जश्न, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

देहरादून। पश्चिम Bengal, असम और पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद उत्तराखंड में भी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, हरिद्वार, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा सहित कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पटाखों और मिठाइयों के साथ जीत का जश्न मनाया। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने “गंगोत्री से गंगा तट तक भाजपा की विजय” जैसे नारे लगाकर खुशी जाहिर की।
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जश्न का खास माहौल रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यालय पहुंचने की सूचना मिलते ही वहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता जुट गए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री धामी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सीएम धामी ने बंगाली पारंपरिक स्नैक ‘झालमुड़ी’ का स्वाद लिया और अपने हाथों से कार्यकर्ताओं को भी खिलाया।
भाजपा मुख्यालय में बंगाली समुदाय की महिलाओं की भी मौजूदगी रही। रंग-गुलाल और देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ता जीत का उत्सव मनाते नजर आए।
भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से यह ऐतिहासिक जीत मिली है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्यों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में काम किया, जिसका परिणाम आज सामने आया है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में नया इतिहास रचा है और यह जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है। वहीं प्रदेश महामंत्री दीप्ति भारद्वाज ने इसे विकास, सुशासन और जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि पूरे देश के साथ उत्तराखंड में भी भाजपा कार्यकर्ता इस जीत का उत्सव मना रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


