देहरादून: ‘आंचल’ ब्रांड को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल, टाटा कंज्यूमर्स संग हुआ समझौता
ERP सिस्टम से डेयरी सेक्टर होगा डिजिटल, बाजार विस्तार को मिलेगा बढ़ावा; सौरभ बहुगुणा ने बताई बड़ी योजनाएं
देहरादून। प्रदेश के डेयरी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास एवं अन्य विभागों के मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में उत्तराखंड कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (UCDF) और प्रदेश के दुग्ध संघों में ERP (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) प्रणाली का शुभारंभ किया।
इस मौके पर UCDF और टाटा कंज्यूमर्स प्रा. लि. के बीच ‘बद्री गाय घी’ और ‘पहाड़ी घी’ के विपणन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते को ‘आंचल’ ब्रांड के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा गया कि इससे उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और बाजार का दायरा बढ़ेगा।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि ERP प्रणाली लागू होने से दुग्ध उपार्जन, प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनेगी। इससे उत्पादकों को समय पर भुगतान, गुणवत्ता में सुधार और योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि अगले छह माह में सभी दुग्ध संघों में ERP लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में औसत दैनिक दुग्ध उपार्जन 2.37 लाख लीटर रहा, जबकि अधिकतम 2.97 लाख लीटर प्रतिदिन दर्ज किया गया। आगामी वर्ष के लिए 3.25 लाख लीटर प्रतिदिन का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही दुग्ध मूल्य का भुगतान 14 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चारा एफपीओ को सम्मानित किया गया। वहीं हल्द्वानी क्षेत्र की तीन महिला दुग्ध उत्पादकों को 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। हरिद्वार और उत्तरकाशी दुग्ध संघों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
मंत्री ने पांच नए बद्री गाय ग्रोथ सेंटर स्थापित करने और सितारगंज में दुग्ध चूर्ण व आइसक्रीम संयंत्र लगाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान आइसक्रीम ई-पुश कार्ट का भी लोकार्पण किया गया।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने डेयरी विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए टाटा कंज्यूमर्स के साथ हुए समझौते को दूरदर्शी पहल बताया।
इस अवसर पर अपर सचिव डेयरी सुरेश चन्द्र जोशी, उपसचिव महावीर सिंह परमार, यूसीडीएफ के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, लालकुआं आंचल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, संचालक मंडल सदस्य किशन सिंह बिष्ट व गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा , दीपा देवी बिष्ट , आनंद सिंह नेगी, खष्टि देवी ,सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू तथा एफओ शांति कोरंगा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


