उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: 1 लाख की घूस लेते उप शिक्षा अधिकारी समेत दो आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
आरटीई के बिल भुगतान के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत, महिला सहयोगी भी विजिलेंस के शिकंजे में
कार्रवाई के बाद विभाग में मचा हड़कंप, विजिलेंस टीम की सतर्कता से खुला भ्रष्टाचार का मामला
देहरादून, 01 अप्रैल 2026: देहरादून जिले के डोईवाला विकासखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने उप शिक्षा अधिकारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी को नेपाली फार्म के पास उस समय दबोचा गया, जब वह शिकायतकर्ता से घूस की रकम ले रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे रायवाला कोतवाली ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोईवाला में तैनात प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी/उप शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक विद्यालय से संबंधित बिल के भुगतान के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। यह बिल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति से जुड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस को दी, जिसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप बिछाया।
योजना के तहत आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म क्षेत्र में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा। जैसे ही उसने शिकायतकर्ता से पैसे लिए, पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को रायवाला कोतवाली लाकर उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
इस कार्रवाई में केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि उसकी सहयोगी के रूप में एक महिला भी विजिलेंस के हत्थे चढ़ी है। गिरफ्तार महिला की पहचान पुष्पांजलि, निवासी डालनवाला (देहरादून) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल से जुड़ी बताई जा रही है। विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।
जांच में सामने आया है कि अभियुक्तों द्वारा गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल के भुगतान के लिए यह रिश्वत मांगी गई थी। मामले ने शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जीरो टॉलरेंस पर सख्ती
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के निर्देशों के तहत विजिलेंस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। अब तक कई भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
भ्रष्टाचार की शिकायत करें:
उत्तराखंड विजिलेंस में टोल फ्री नंबर 1064 एवं 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


