उत्तराखंड: गुलदार की खाल के साथ युवक गिरफ्तार, संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
चम्पावत, 19 अप्रैल 2026: वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 अप्रैल को चम्पावत जिले के रीठा साहिब क्षेत्र में एसओजी, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने एक युवक को गुलदार (तेंदुआ) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार भिंगराडा वन क्षेत्र अंतर्गत चैड़ामेहता लीसा डिपो के पास संयुक्त टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से गुलदार की खाल बरामद हुई, जिसकी लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर पाई गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक सिंह बोहरा (28 वर्ष), निवासी ग्राम गागरी, पोस्ट चैड़ामेहता, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह खाल को बेचने के लिए लोहाघाट ले जा रहा था।
वन क्षेत्राधिकारी भिंगराडा के अनुसार बरामद खाल को मौके पर ही सील कर सुरक्षित कर लिया गया है। अभियुक्त के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
वन विभाग ने कहा है कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


