उत्तरकाशी: बस हादसा अपडेट , अब तक 26 लोगों की मौत , पीएम मोदी ने जताया दुख- मुआवजे की घोषणा

- सीएम धामी बनाए हुएंं हैं नजर ,पल-पल की ले रहे अपडेट , रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उत्तरकाशी। यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा के पास रविवार शाम बस खाई में गिर गई इस दर्दनाक हादसे में अब तक 26 लोगों के मरने की खबर है। हादसे पर प्रधानमंत्री ने गहरा दुख जताया है तथा हादसे में मृतक और घायलों को मुआवजे का ऐलान भी किया है। इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम पहुंचे और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा से 2 किलोमीटर आगे जानकीचट्टी के पास चारधाम यात्रियों की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई । बस में मध्य प्रदेश के 30 तीर्थयात्री सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मिल रही जानकारी के मुताबिक अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है राहत और बचाव कार्य जारी है। सभी यात्री मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना के बाद एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा और राजस्व विभाग की टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस के मुताबिक बस में चालक समेत 30 लोग सवार थे। जिनमें से 26 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है दो लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। तीन घायल मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं।
डामटा में बस के खाई में गिरते ही अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जिसने भी इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुना, दौड़ा चला आया। हादसे का शिकार हुई बस के परखच्चे उड़ गए। वहीं, जमीन शवों से पट गई। मंजर देख लोगों की रूह कांप गई। हादसे का कारण ओवर स्पीड बताया जा रहा है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। कहा कि उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है। प्रधानमंत्री ने मुआवजा देने का एलान किया है। दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ की ओर से दो-दो लाख और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में बस के खाई में गिरने से पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी टीम उत्तराखंड सरकार के लगातार संपर्क में है। घायलों के इलाज और शवों को वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।
इस हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से हादसे को लेकर बात भी की है। शाह ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने सीएम धामी से बात की है। स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच रही है।
- मुख्यमंत्री धामी पहुंचे आपदा कंट्रोल रूम पल-पल की ले रहे हैं जानकारी
यमुनोत्री मार्ग पर डामटा के समीप रविवार को हुई बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मारे गये लोगों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी ईश्वर से कामना की है। उन्होंने घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था के निर्देश भी जिलाधिकारी उत्तरकाशी को दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने आपदा कंट्रोल के संचालन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों से भी कंट्रोल रूम के संचालन से सम्बन्धित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में यात्रा अपने चरम पर है। यात्रा संचालन में व्यवस्थाओं के साथ ही किसी भी प्रकार की अनहोनी पर त्वरित राहत सम्बन्धी कार्य संचालित हो। इसके लिए कारगर व्यवस्था बनायी जाए। सभी जनपदों से आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सूचनाएं उपलब्ध कराये जाने के साथ ही जनपदों के आपदा कंट्रोल रूमों को भी और अधिक सक्रिय किये जाने के उन्होंने निर्देश दिए।
दुर्घटनाग्रस्त हुई बस में सवार लोग मध्यप्रदेश के होने के कारण मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता कर दुर्घटना की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किये जा रहे है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें