Uttarakhand Weather: छह जिलों में आज भारी बारिश व तेज हवाओं का येलो अलर्ट, 30 जुलाई तक मानसून रहेगा मेहरबान
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
देहरादून समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज, डंगोली में सर्वाधिक 67.5 मिमी वर्षा; 51 सड़कें बंद, पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह
देहरादून, 24 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है, लेकिन पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने जैसी समस्याएं भी बढ़ गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने शुक्रवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक डंगोली में 67.5 मिमी, देवाल में 51.5 मिमी, थराली में 49.6 मिमी, डीडीहाट में 44 मिमी और श्रीनगर में 33 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का बढ़ा खतरा
मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश के चलते संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने तथा नदियों-नालों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। कई स्थानों पर गरज के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने, खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
देहरादून में रात की बारिश से मिली राहत
गुरुवार को देहरादून में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली के कारण उमस बनी रही। रात में अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। देहरादून का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में 51 सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। जौनसार-बावर क्षेत्र में आठ प्रमुख मोटर मार्ग बंद हुए थे, जिनमें से पांच मार्ग खोल दिए गए हैं जबकि तीन मार्गों को खोलने का कार्य जारी है। पूरे प्रदेश में फिलहाल 51 सड़कें बंद हैं। बार-बार मलबा आने के कारण राहत और बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है।
30 जुलाई तक बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 जुलाई तक उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना रहेगा। इस दौरान अधिकांश जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना है।
25 जुलाई: देहरादून, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट।
26 जुलाई: उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना। 27 जुलाई को बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
28 से 30 जुलाई: बागेश्वर , पिथौरागढ़ और नैनीताल में 28 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट , जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और पिथौरागढ़ में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना।
मुक्तेश्वर सबसे ठंडा, तेज हवाएं भी चलीं
मुक्तेश्वर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां और आसपास के क्षेत्रों में 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


