Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इस दिन पूरे प्रदेश में बरसेंगे बादल—जानिए लेटेस्ट पूर्वानुमान
देहरादून। Uttarakhand Latest Weather Update News: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। कहीं आंशिक बादल छाए हुए हैं तो कई इलाकों में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च को प्रदेश में हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 16 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम करवट ले सकता है और कई स्थानों पर बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार 13 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है।
इसके साथ ही 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। राज्य के अन्य जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
14 मार्च:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा में हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
15 मार्च:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अन्य पहाड़ी जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
16 मार्च:
पर्वतीय जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कई जगह गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
देहरादून का तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


