Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदला मौसम मिजाज, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की ऑरेंज चेतावनी जारी
देहरादून। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता तेज होने के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार, 4 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। झोंकों के साथ हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अलावा अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दोपहर में गर्मी, सुबह-शाम ठंड का एहसास
राजधानी देहरादून में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने यहां भी आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। तेज हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम के समय मौसम ठंडा रहेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान
देहरादून में अधिकतम 32.2°C और न्यूनतम 18.3°C, पंतनगर में 32.6°C और 16.8°C, मुक्तेश्वर में 20.5°C और 12.3°C तथा नई टिहरी में 20.9°C और 12.5°C तापमान दर्ज किया गया है।
आने वाले दिनों में मौसम का रुख
5 अप्रैल को किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी जिलों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
6 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
7 अप्रैल को इन पांच जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


