Uttarakhand Weather Update: देहरादून-पिथौरागढ़ में झमाझम बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट
देहरादून में बारिश के बाद छाए घने बादल और बदला मौसम।
मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया; देहरादून-पिथौरागढ़ में झमाझम बारिश से बदला मौसम।
देहरादून, 07 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान देहरादून और पिथौरागढ़ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।
राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं अल्मोड़ा, नैनीताल, चम्पावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
अगले तीन घंटे में इन क्षेत्रों में बारिश-गरज के आसार
तत्कालिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अल्मोड़ा, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं गरज वाले बादल विकसित होने तथा बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में इन स्थानों पर हुई बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार 8:30 IST तक सहस्रधारा में 49.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जॉलीग्रांट में 32.0, मालदेवता में 25.0, ऋषिकेश में 19.5, कौसानी में 16.5, डंगोली में 16.0, जानकीचट्टी में 13.5 और मसूरी में 12.5 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा मोहकमपुर में 11.0, जाखोली में 10.5, रायवाला में 10.5, हाथीबड़कला में 9.5, सोनप्रयाग में 9.5, नई टिहरी में 8.5 और चंबा में 8.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार दोपहर बाद प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई। देहरादून में बारिश के चलते अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
8 और 9 अक्टूबर को भी बदला रहेगा मौसम
8 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और नैनीताल में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
9 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी।
स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


