Uttarakhand Weather Update: मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका
उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी। (फाइल फोटो)
बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, 2 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, भूस्खलन और आकाशीय बिजली का खतरा।
देहरादून, 30 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
सोनप्रयाग में सर्वाधिक 138 मिमी वर्षा दर्ज
बीते 24 घंटे के दौरान रुद्रप्रयाग, देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सर्वाधिक 138 मिलीमीटर वर्षा सोनप्रयाग में दर्ज हुई। इसके अलावा गोचर और जखोली में 60-60 मिमी, पोखरी में 59 मिमी, लीती में 49 मिमी, डीडीहाट में 47 मिमी, चमोली में 46 मिमी, जौलजीबी में 45 मिमी तथा देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र में 38 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा।
चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, दो जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार, 30 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, अत्यंत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में आज सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
31 जुलाई से 2 अगस्त तक भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में भी भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
एक अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 31 जुलाई से 2 अगस्त तक उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में रुक-रुककर तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। इस अवधि के दौरान कई जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
भूस्खलन और जलभराव को लेकर सतर्क रहने की सलाह
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, संवेदनशील सड़कों पर मलबा आने, नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि तथा मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
देहरादून – अधिकतम 32.4°, न्यूनतम 24.2°
पंतनगर – अधिकतम 34.6°, न्यूनतम 27.2°
मुक्तेश्वर – अधिकतम 21.3°, न्यूनतम 15.9°
नई टिहरी – अधिकतम 23.5°, न्यूनतम 16.4°

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


