Uttarakhand Weather Update: मानसून के तेवर तल्ख, आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, कई इलाकों में तेज बारिश के चलते मौसम का बदला मिजाज।
27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट; मौसम विभाग ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान
देहरादून, 27 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून के तेवर तल्ख बने हुए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। हरिद्वार में सर्वाधिक 86.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा खटीमा में 63, बनबसा में 60, रामनगर में 51, शामा में 30.5, बाजपुर में 39, सहस्रधारा में 17 और डीडीहाट में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा।
आज कई पर्वतीय जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 अगस्त को चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और देहरादून के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
अगले तीन घंटे में आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के सुबह 7 बजे जारी तीन घंटे के तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों के कुछ इलाकों में वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है।
28 अगस्त से आगे भी सक्रिय रहेगा मानसून
28 अगस्त: पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज बौछारों का दौर जारी रह सकता है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना है।
29 अगस्त: पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ऊधम सिंह नगर में तेज बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है। हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
30 अगस्त: राज्यभर में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
31 अगस्त और 1 सितंबर: उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रह सकता है।
भूस्खलन और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्कता जरूरी
आईएमडी के अनुसार आने वाले दिनों में भी पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में छिटपुट बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और आकाशीय बिजली जैसे जोखिम बने रह सकते हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पहाड़ों की यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


