Uttarakhand Weather: बारिश-बर्फबारी से गिरा तापमान, पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
देहरादून। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लंबे समय बाद हुई बारिश और हिमपात से जहां लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है, वहीं कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आज मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम सामान्यतः साफ और शुष्क रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि 18 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड में सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में फिर से बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। विभाग के अनुसार 22 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियां प्रदेश में बनी रह सकती हैं।
केदारनाथ-बद्रीनाथ समेत कई क्षेत्रों में बर्फबारी
प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, नंदा देवी और पंचाचुली सहित कई ऊंची चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है और पहाड़ी इलाकों में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
तापमान में गिरावट दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 18 मार्च से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


