Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी, भारी से अत्यंत भारी बारिश की IMD की बड़ी चेतावनी
उत्तराखंड में 9 और 10 जुलाई को भारी बारिश का रेड अलर्ट
9 और 10 जुलाई को सबसे ज्यादा सतर्क रहने की सलाह, तेज बारिश, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भूस्खलन का खतरा बढ़ा
देहरादून, 09 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज और अधिक बिगड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने गुरुवार (9 जुलाई) सुबह 10 बजे जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान में कई जिलों के लिए पहले जारी ऑरेंज अलर्ट को बढ़ाकर रेड अलर्ट कर दिया है। विभाग ने भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश, तेज हवाओं तथा आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
9 जुलाई: सात जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज से अति तेज बारिश के दौर और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। इन सभी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य सभी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
10 जुलाई: कुमाऊं के तीन जिलों में फिर रेड अलर्ट
10 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में भारी से बहुत भारी तथा अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर पड़ने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के शेष सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
13 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी रहेंगी। 11 से 13 जुलाई तक भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि 9 और 10 जुलाई मौसम के लिहाज से सबसे संवेदनशील दिन रहेंगे और इस दौरान कई क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश दर्ज की जा सकती है।
लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नदी-नालों और बरसाती गधेरों से दूर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करने, नौकायन से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चारधाम यात्रा और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की हिदायत दी गई है।
विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें। 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है, इसलिए सभी नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


