Uttarakhand Weather: भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच कल इस जिले में स्कूल बंद करने का आदेश जारी
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद बागेश्वर में 29 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश जारी किए गए।
29 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के बीच बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद, कई जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर।
बागेश्वर/देहरादून, 28 जुलाई 2026: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 29 जुलाई के लिए राज्य के देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और टिहरी समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लेते हुए 29 जुलाई (बुधवार) को जिले के कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे की ओर से जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के शेष जिलों में भी गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
30 जुलाई के लिए भी राहत के संकेत नहीं हैं। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी और टिहरी में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 31 जुलाई और 1 अगस्त को भी प्रदेश में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा, जबकि 2 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहने और कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


