Uttarakhand Weather: बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट, कब तक खराब रहेगा मौसम
देहरादून। Uttarakhand Weather Update: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की भविष्यवाणी एक बार फिर सटीक साबित हुई है। वीकेंड पर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हुए हैं और रविवार सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। पर्वतीय जिलों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, ओलावृष्टि और 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। इसको देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आज प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
वहीं मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के दौर को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च (सोमवार) को भी प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी रहेगा।
20 मार्च तक मौसम खराब रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 मार्च तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की संभावना है।
15 और 16 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अधिक रहेगा।
17 मार्च को इसका असर कुछ कम हो सकता है।
इसके बाद 18, 19 और 20 मार्च को फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेशभर में मौसम खराब रहने के आसार हैं।
हालांकि 21 मार्च से मौसम साफ और शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
तापमान की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बदलते मौसम के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर फिर से बढ़ने की संभावना है।
आम तौर पर मार्च के महीने में देहरादून और आसपास के मैदानी इलाकों में औसत अधिकतम तापमान करीब 26 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है, जबकि औसत तापमान करीब 18 से 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


