Uttarakhand Weather Alert: 5 दिन भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी; SEOC की एडवाइजरी के बाद प्रदेशभर में हाई अलर्ट
उत्तराखंड में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी के बीच SEOC की एडवाइजरी के बाद प्रदेशभर में हाई अलर्ट।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को जारी की एडवाइजरी, ट्रैकिंग पर रोक, स्कूलों, पर्यटन और आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश
देहरादून, 16 जुलाई 2026। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर बेहद सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा चेतावनी के आधार पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए अगले पांच दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी से बेहद भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर की संभावना बनी हुई है।
जारी निर्देशों के अनुसार 16 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों सहित प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
17 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और रुद्रप्रयाग जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में गरज-चमक और तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 18 जुलाई के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बेहद भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।
19 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बेहद भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और ऊधम सिंह नगर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
20 जुलाई को देहरादून और पौड़ी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां कहीं-कहीं भारी से बेहद भारी वर्षा हो सकती है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर बारिश के दौरान रोक लगाने, भूस्खलन संभावित मार्गों की निगरानी, सड़क अवरोध होने पर तत्काल मार्ग खोलने, सभी विभागों और पुलिस-प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखने, विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा नगर निकायों को नालियों और कल्वर्टों की सफाई, विद्युत एवं संचार व्यवस्था पर निगरानी, पर्यटकों की आवाजाही पर सतर्कता तथा जिला सूचना अधिकारियों को समय-समय पर आमजन तक मौसम संबंधी चेतावनी पहुंचाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर किसी भी आपदा की सूचना तत्काल SEOC को उपलब्ध कराने को कहा है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



गुप्त नवरात्रि: समय माता मंदिर में मां बगलामुखी की विशेष साधना, सत्य साधक विजेंद्र पांडे का लोककल्याण अनुष्ठान