Uttarakhand Weather Alert: भारी बारिश की ऑरेंज चेतावनी के बीच इस जिले में कल स्कूलों में छुट्टी, आदेश जारी
भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र देहरादून जिला प्रशासन ने 18 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया।
आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के बाद जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश, कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अशासकीय विद्यालय रहेंगे बंद।
देहरादून, 17 जुलाई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जनपद देहरादून में 18 जुलाई (शनिवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान जनपद में कई स्थानों पर भारी से बेहद भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की गई है। संभावित आपदा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश संबंधी आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में सतर्क रहें और मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।
भारी वर्षा की आशंका के मद्देनज़र जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
अपडेट
देहरादून के बाद चम्पावत में भी 18 जुलाई को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश, प्रशासन ने जारी किए आदेश
चम्पावत, 17 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 18 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जनपद के सभी कक्षा 1 से 12 तक के राजकीय, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


