उत्तराखंड: दो बीवियों का खर्च भारी पड़ा, कुंडल लूटकर बना अपराधी
दोहरी ज़िंदगी और बढ़ता खर्च, मजदूरी से नहीं चल पाया घर,
फिर उठाया ऐसा कदम जिसने सब चौंका
अंधेरे में हुई झपटमारी से मचा हड़कंप, CCTV और स्कैच से खुली पूरी कहानी,
आखिरकार पुलिस के जाल में फंसा आरोपी
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बोझ तले दबा एक युवक अपराध की राह पर चल पड़ा। सिडकुल थाना क्षेत्र में महिला के कान से सोने के कुंडल झपटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान नसीम मलिक (32) पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा निवासी ग्राम गोविन्दपुर दादूपुर, थाना रानीपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि उसने दो शादियां कर रखी हैं और दोनों पत्नियों का खर्च उठाना उसके लिए मुश्किल हो रहा था। दिहाड़ी मजदूरी से घर का गुजारा नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते उसने छीना-झपटी जैसे अपराध का रास्ता अपना लिया।
27 मार्च की घटना, बाजार में महिला को बनाया निशाना
बीती 27 मार्च को रोशनाबाद निवासी एक महिला ने सिडकुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात बाइक सवार ने अंधेरे का फायदा उठाकर उसके कान से सोने के कुंडल झपट लिए और फरार हो गया। महिला अपने पति के साथ बाजार गई थी, तभी यह वारदात हुई।
CCTV और स्कैच से पुलिस को मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और एसओजी व सीआईयू की मदद से आरोपी का स्कैच जारी किया। इसके बाद पुलिस ने नसीम को गिरफ्तार कर लिया।
कुंडल और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और महिला के सोने के कुंडल बरामद कर लिए हैं।
आर्थिक तंगी बनी अपराध की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है और दो पत्नियों का खर्च नहीं उठा पा रहा था। इसी आर्थिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



रोजगार समाचार: सरकारी टीचर बनने का मौका, 11 हजार पदों पर भर्ती—15 अप्रैल से आवेदन शुरू