उत्तराखंड: नशे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.80 करोड़ का गांजा बरामद; 3 तस्कर गिरफ्तार
कैंटर में रस्सियों के गट्ठरों के बीच छिपाकर लाया जा रहा था 558 किलो गांजा, ओडिशा से लाकर करनी थी सप्लाई
रुद्रपुर ,19 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो कैंटर में गांजा छिपाकर सप्लाई के लिए ले जा रहे थे।
घेराबंदी कर पकड़ा कैंटर
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। सूचना के आधार पर बागवाला फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर कैंटर संख्या यूपी 81 एफटी 5851 को रोका गया।
558 किलो गांजा बरामद
सीओ रुद्रपुर की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें सुतली रस्सियों के गट्ठरों के बीच बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक कट्टों और तीन स्कूली बैगों से कुल 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से संजय गुप्ता (38), डीटू यादव (26) और मोहित यादव (28) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुख्य आरोपी संजय गुप्ता के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उसकी अवैध संपत्ति को सीज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
ओडिशा से लाई गई थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से लाया गया था और इसे रुद्रपुर में स्थानीय तस्करों को सप्लाई किया जाना था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


