उत्तराखंड ऑपरेशन प्रहार: फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही विदेशी महिला और सहयोगी गिरफ्तार
हरिद्वार में पुलिस और LIU की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी महिला और उसके सहयोगी के कब्जे से फर्जी आधार, पैन, पासपोर्ट समेत कई दस्तावेज बरामद
हरिद्वार ,09 अप्रैल 2026। जनपद में चल रहे सघन सत्यापन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर क्षेत्र में पुलिस और अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वैष्णवी एन्क्लेव क्षेत्र में सत्यापन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर महिला को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना असली नाम सहेला बेगम निवासी कुमीला, बांग्लादेश बताया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए एक व्यक्ति के कहने पर वह भारत आई और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से यहीं रह रही थी।
महिला ने हरिद्वार में अपने सहयोगी श्यामदास की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और विवाह प्रमाण पत्र जैसे कई फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार किए। पुलिस ने उसके कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड सहित कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस ने श्यामदास को भी गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और गहन जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय साजिश के संकेत भी मिले हैं।
एसएसपी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों और फर्जी दस्तावेजों के जरिए कानून को चुनौती देने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने अभियान को और तेज करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


