Uttarakhand News: विजिलेंस का एक्शन जारी , एक और भ्रष्ट अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड विजिलेंस का भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी है। इसी क्रम में विजिलेंस ने हरिद्वार जिले के लक्सर में चकबंदी लेखपाल सुभाष कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। लेखपाल पीड़ित से भूमि की सीमा में संशोधन के नाम पर यह रिश्वत ले रहा था।
विजिलेंस ने आरोपी सुभाष कुमार के घर पर भी तलाशी की है। आरोपी को शनिवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार लेखपाल सुभाष कुमार इस वक्त कानूनगो का काम भी देख रहा है। लक्सर निवासी पीड़ित की भूमि की सीमा में संशोधन होना था। इसके लिए वह लगातार लक्सर चकबंदी कार्यालय के चक्कर काट रहे थे।
दो दिन पहले उन्होंने लेखपाल सुभाष कुमार से मुलाकात की। सुभाष ने रिश्वत लेकर काम करने की बात कही। शुरुआत में उनसे 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई। इसके बाद बात 20 हजार रुपये पर तय हो गई।पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था तो उन्होंने विजिलेंस से शिकायत कर दी। सुभाष कुमार ने पीड़ित को शुक्रवार को रिश्वत लेकर कार्यालय बुलाया। उनके पीछे से गई विजिलेंस की ट्रैप टीम ने सुभाष कुमार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
निदेशक विजिलेंस डॉ. वी मुरुगेशन ने बताया कि आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उसके घर व कार्यालय में तलाशी की जा रही है। कुछ दस्तावेज व अन्य सामग्री मिली है जिनकी जांच की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें