Uttarakhand News: उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा , नदी में गिरा वाहन , छह लोगों की मौत

हादसे में पांच लोग घायल , अस्पताल में कराया गया है भर्ती
Pithoragarh News- उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से बड़े दुखद हादसे की खबर सामने आई है, यहां मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर शुक्रवार को रिलकोट के पास बोलेरो कैंपर वाहन के गोरी नदी में गिरने से छह लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में उपचार चल रहा है। सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं। दो मृतकों के शव दूसरे दिन शनिवार को गोरी गंगा नदी में दुर्घटनाग्रस्त वाहन के नीचे दबे मिले। वाहन दुर्घटना को लेकर पूरी मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मिलम से मुनस्यारी आ रहा बोलेरो कैंपर वाहन रिलकोट और बुर्फू के मध्य अनियंत्रित होकर खाई से होते हुए गोरीगंगा नदी में गिर गया था। वाहन में सवार छह लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही आइटीबीपी के जवानों ने रेस्क्यू किया।
दुर्घटना में घायल पांच लोगों को रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार दिया। रेस्क्यू के दौरान तीन शव भी निकाले, जिसमें दो की शिनाख्त हुई और एक बालिका के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी एक लापता बताया गया। सूचना मिलने के बाद तहसील मुख्यालय से प्रशासन, राजस्व और पुलिस टीम देर रात्रि घटनास्थल पर पहुंची। जहां पर मृतक बालिका की शिनाख्त हुई और लापता व्यक्ति का भी शव मिला।
चारों शवों और घायलों को रात्रि लगभग 11 बजे के आसपास मुनस्यारी लाया गया। शनिवार सुबह से फिर से खोज एवं बचाव कार्य चला। दूसरे दिन रेस्क्यू के दौरान गोरी नदी में गिरे वाहन के नीचे दबे 35 वर्षीय पूरन सिंह जंगपांगी पुत्र स्व. गंगा सिंह निवासी इमला, मुनस्यारी और 23 वर्षीय कवींद्र कुमार पुत्र हरीश राम नया बस्ती मुनस्यारी के शव मिले। दोनों शवों को अपराह्न मुनस्यारी पहुंचाया गया।
जहां पर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। दुर्घटना के घायलों में चार घायलों को शुक्रवार की रात्रि लगभग दो बजे मुनस्यारी से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया। घायल पुष्पा देवी, दिव्यांशु पंचपाल, भगत सिंह और कैलाश सिंह अब खतरे से बाहर हैं। एक घायल का मुनस्यारी सीएचसी में उपचार चल रहा है।
मृतकों की सूची
32 वर्षीय पुष्कर सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी तौमिक।
40 वर्षीय जीवन सिंह पुत्र कालू सिंह निवासी तौमिक।
35 वर्षीय मोहन सिंह पुत्र पुष्कर सिंह निवासी तौमिक।
14 वर्षीय सिमरन टोलिया पुत्री गणेश सिंह टोलिया निवासी सरमोली।
35 वर्षीय पूरन सिंह जंगपांगी पुत्र गंगा सिंह निवासी इमला।
23 वर्षीय कवींद्र कुमार पुत्र हरीश राम, निवासी नया बस्ती, मुनस्यारी।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें