उत्तराखंड: होमगार्ड भर्ती के द्वितीय चरण की प्रक्रिया प्रारंभ, दिशा-निर्देश जारी
होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का फाइल दृश्य।
द्वितीय चरण में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग व चमोली में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए जारी हुए विस्तृत दिशा-निर्देश
देहरादून, 06 जून 2026। मुख्यालय के पत्र संख्या सीजी 133VI/हो.गा./2018/639 दिनांक 28 अप्रैल 2026 के माध्यम से जनपद अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के स्वीकृत नियतन के सापेक्ष 30 जून 2026 तक रिक्त पदों को आंगणित करते हुए आरक्षणवार रिक्तियों पर द्वितीय चरण में सीधी भर्ती प्रक्रिया आयोजित किए जाने का प्रस्ताव किया गया है।
इसी क्रम में द्वितीय चरण वाले जनपदों में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की सीधी भर्ती प्रक्रिया के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी एवं जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ संपन्न कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भर्ती से संबंधित विज्ञापन 09 जून 2026 को जारी किया जाएगा, जबकि इसका प्रकाशन विभिन्न समाचार पत्रों में 10 जून 2026 को किया जाएगा। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।
इसके पश्चात प्राप्त आवेदनों की छानबीन (स्क्रूटनी) 01 जुलाई 2026 से 09 जुलाई 2026 तक की जाएगी। शारीरिक माप-तौल एवं भर्ती प्रक्रिया का प्रारंभ 10 जुलाई 2026 से किया जाएगा। सभी भर्ती कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित जिला कमांडेंट होमगार्ड्स की होगी।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, अवैतनिक अधिकारी अथवा स्वयंसेवकों के सगे संबंधी भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होते हैं, तो उनकी ड्यूटी भर्ती कार्य में नहीं लगाई जाएगी, ताकि निष्पक्षता बनी रहे।
शारीरिक माप-तौल के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथिवार बुलाया जाएगा तथा छूटे हुए अभ्यर्थियों को अंतिम दिवस पर अवसर प्रदान किया जाएगा। साथ ही सभी जनपदों में भर्ती से संबंधित एक बड़ा सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें फर्जी अथवा कूटरचित दस्तावेज पाए जाने की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख होगा।
मुख्यालय द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। अंत में स्पष्ट किया गया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमों के अनुसार एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


