Uttarakhand: फर्जी जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़ , देखें बड़ा खुलासा
सिडकुल में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़े का बड़ा खेल बेनकाब
एसटीएफ ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
Udham Singh Nagar News- मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चल रहे सत्यापन अभियान के तहत उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टॉक्स फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित एक जन सेवा केन्द्र का भंडाफोड़ किया है। सिडकुल में नौकरी दिलाने के नाम पर बाहरी राज्यों के लोगों के फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार करने का खेल यहां धड़ल्ले से चल रहा था।
छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद कर केन्द्र को सील कर दिया।
सिडकुल में नौकरी के लिए बनते थे फर्जी स्थानीय आईडी
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर स्थित ‘गंगवार जन सेवा केन्द्र’ में छापेमारी के दौरान चेतन कुमार (21 वर्ष) पुत्र राजपाल, निवासी ग्राम एंचैरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। वर्तमान में वह गड्डा कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले एक वर्ष से यह फर्जी जन सेवा केन्द्र चला रहा था। सिडकुल क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आए लोग नौकरी पाने के लिए स्थानीय उत्तराखण्ड का आधार कार्ड और मार्कशीट बनवाने उसके पास आते थे, क्योंकि सिडकुल में प्राथमिकता स्थानीय निवासियों को दी जाती है। आरोपी कंप्यूटर एप्लीकेशन के माध्यम से फोटो व विवरण एडिट कर मनचाहे दाम लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर देता था।
400-500 लोगों को बना चुका है फर्जी दस्तावेज
एसटीएफ के अनुसार आरोपी अब तक लगभग 400 से 500 लोगों के फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार कर चुका है। बरामद आधार कार्डों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पते अंकित पाए गए, जिन्हें एडिट कर उत्तराखण्ड का स्थानीय पता दर्शाया जाना था।
भारी मात्रा में फर्जी सामग्री बरामद
छापेमारी में निम्न सामग्री बरामद की गई—
01 मॉनिटर
01 प्रिंटर
01 सीपीयू
42 आधार कार्ड
55 प्लास्टिक पैन कार्ड
09 मार्कशीट
01 बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर
आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैम्प में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के निर्देशन में निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट एवं थाना ट्रांजिट कैम्प पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
एसटीएफ का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि राज्य में फर्जी जन सेवा केन्द्र, फर्जी आधार/आयुष्मान/राशन कार्ड आदि के माध्यम से की जा रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर अभियान जारी रहेगा। ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
राज्य में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने का यह बड़ा नेटवर्क उजागर होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


