उत्तराखंड- दहेज की भेंट चढ़ी फिर एक और बेटी , 2 माह पूर्व हुआ था विवाह
पुलिस ने मृतका के पति समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू
देहरादून। जिले के डोईवाला में एक नवविवाहिता ने रात को रोते हुए अपनी बहन से बात की और स्वजनों को सुबह उसकी मौत की खबर मिली। मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत परिवार के कुल चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। डोईवाला में थाना रानीपोखरी अंतर्गत भोगपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत परिवार के चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
रानीपोखरी थाना क्षेत्र के चक सिंधवाल गांव निवासी विजेंद्र सिंह ने रानीपोखरी थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री आरती का विवाह 12 दिसंबर 2021 को भोगपुर निवासी पवन रावत के साथ हुआ था। विवाह के पहले दिन से ही उनकी पुत्री आरती के ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने के चलते परेशान करने लगे।
मृतका के पिता ने बताया कि उनके दामाद के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे। शादी के बाद से उनकी बेटी आरती डरी और घबराई हुई रहती थी। शनिवार की सायं सात बजे आरती ने अपनी बड़ी बहन पूजा को फोन किया था, जिसमें वह अपनी बड़ी बहन से बात करते हुए बहुत घबराई हुई थी और रो रही थी। उसके बाद आरती ने फोन काट दिया। जिसके बाद आरती से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया।
विजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह आरती का पति पवन रावत उने घर आया और कहा कि आरती को बाथरूम में फिसलने से चोट लग गई है। उसे इलाज के लिए हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में भर्ती करवाया है। जिसके बाद वे तुरंत हिमालयन हास्पिटल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें बताया गया कि उनकी पुत्री आरती की दस घंटे पहले ही मौत हो चुकी थी। जिसके बाद आरती के पति पवन रावत ने अपना बयान बदलते हुए बताया कि आरती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
रानीपोखरी पुलिस ने मृतका के पिता विजेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर मृतक आरती के पति पवन, देवर नितिन, सास राजेश्वरी देवी व मौसा चंद्रशेखर रावत के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


