Uttarakhand Crime: पति के जरिए पहचान, फिर गैंगरेप—तीन प्रॉपर्टी डीलरों पर केस, एक गिरफ्तार
नशीला पदार्थ पिलाकर शोषण का आरोप, ब्लैकमेल कर कई बार बनाया शिकार
देहरादून। तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन प्रभावशाली प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता-पुत्र अभी फरार हैं।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी। वर्ष 2021 में उसके पति की पहचान प्रॉपर्टी डीलर मनजीत जौहर और उसके बेटे मानव जौहर से हुई, जिसके बाद वे दोनों उसके घर आने-जाने लगे। धीरे-धीरे परिवार आर्थिक रूप से उन पर निर्भर हो गया और आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने परिवार में अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
घर में अकेले पाकर पहली वारदात
महिला का आरोप है कि जनवरी 2022 में मनजीत जौहर ने उसे घर में अकेला पाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने ससुराल वालों को बर्बाद करने और सड़क पर लाने की धमकी दी। परिवार की स्थिति और पिता की खराब सेहत को देखते हुए पीड़िता ने उस समय चुप्पी साध ली।
नशीला पदार्थ देकर पेंट हाउस में दुष्कर्म
शिकायत के मुताबिक 10 फरवरी 2023 को साजिश के तहत पीड़िता को एक पेंटहाउस ले जाया गया, जहां मानव जौहर मौजूद था। वहां उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इस दौरान मानव जौहर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह आरोपी द्वारा मोबाइल पर ‘थैंक्स’ का मैसेज भी भेजा गया।
आपत्तिजनक फोटो से ब्लैकमेल और सामूहिक शोषण
मामले में तीसरा आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी सामने आया, जिसने पीड़िता को उसकी बेहोशी की हालत में ली गई आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया। आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसे डराकर देहरादून और ऋषिकेश के विभिन्न होटलों व फार्महाउसों में ले जाकर कई बार शोषण किया।
धमकियों से टूटी हिम्मत, डिप्रेशन में गई पीड़िता
आरोपियों द्वारा लगातार पीड़िता के पिता, बहनों और उसकी मासूम बेटी को जान से मारने की धमकियां दी जाती रहीं। मानसिक प्रताड़ना के चलते वह डिप्रेशन में चली गई। आखिरकार उसने अपनी बहन को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस कार्रवाई: एक गिरफ्तार, दो फरार
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों—मनजीत जौहर, मानव जौहर और कुशाग्र शर्मा (रोमी)—के खिलाफ धारा 376 (दुष्कर्म), 342 (बंधक बनाना) और 506 (धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने कुशाग्र शर्मा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे मनजीत जौहर और मानव जौहर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आरोपी को उसके रसूख के आधार पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


