उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं को दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं
हर श्रद्धालु को कराएंगे दर्शन, सुरक्षित और सुखद यात्रा सरकार की प्राथमिकता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री और बद्री विशाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस वर्ष भी यात्रा सकुशल संपन्न हो और नए कीर्तिमान स्थापित करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के लिए एक बड़े उत्सव के समान है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस वर्ष यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही है, ताकि हर श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव और स्वर्णिम यादें लेकर लौटे।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक श्रद्धालु को चारों धामों के दर्शन कराए जाएं और उनकी यात्रा पूरी तरह सुरक्षित व सफल हो। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यात्रा में तैनात सफाई कर्मचारियों, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


