Uttarakhand: मुख्यमंत्री ने की 5 विधानसभाओं की घोषणाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों में समयबद्धता पर जोर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में पांच विधानसभाओं – थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग – की मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभाग गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। जिन योजनाओं का समाधान शीघ्र संभव है, उनमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है, और कार्यों में विलंब करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएँ। हेली एंबुलेंस समय पर उपलब्ध कराई जाए और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाया जाए। निर्माण से संबंधित कार्यों में यदि किसी विभाग को प्रस्ताव हस्तांतरित करना है, तो इसे शीघ्रता से किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित वन विभाग के लंबित प्रकरणों की अलग से समीक्षा की जाए। मानसून से पहले वर्षाकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की जाए और बाढ़ नियंत्रण से संबंधित सभी कार्य समय पर पूर्ण किए जाएँ।
आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को समय पर पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही वाणिज्यिक सिलेंडरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए होटल एसोसिएशन के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने और यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, थराली भूपाल राम टम्टा, केदारनाथ आशा नौटियाल, देवप्रयाग विनोद कंडारी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, रविनाथ रमन, एस.एन. पांडेय, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, धीराज गर्ब्याल, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं संबंधित जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


