Uttarakhand: अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में गिरी , तीन लोगों की मौत
शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस ने चलाया राहत और बचाव अभियान ,घायलों को पहुंचाया अस्पताल
Almora News- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया है। ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बसौली के पास गुरुवार को एक बारात में शामिल होने आई कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि 11 माह के मासूम समेत तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग पहाड़ में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस दिल्ली को लौट रहे थे तभी ये दर्दनाक हादसा घटित हो गया।
अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की ब्रेजा कार ताकुला से अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। बसौली के पास अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने तेज आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी ताकुला पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। दुर्गम खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकालना आसान नहीं था, लेकिन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इस दुर्घटना में 11 माह के रेहान, मंजू देवी (24) और दिनेश राम (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महेश आर्य, गोपाल राम, जया, संजय कुमार और चालक अर्जुन कुमार सहित अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग झिझाड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस दिल्ली लौट रहे थे। सफर के दौरान हुई इस दुर्घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जिस यात्रा की शुरुआत खुशियों के साथ हुई थी, वह कुछ ही पलों में मातम में बदल गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन अनियंत्रित होने को वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


