उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट 2026: 25 अप्रैल को खत्म होगा इंतजार, सुबह इस समय आएंगे 10वीं-12वीं के नतीजे
25 अप्रैल सुबह 10 बजे जारी होंगे नतीजे, वेबसाइट और स्कूल पोर्टल पर ऐसे करें चेक
रामनगर। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं का परिणाम 25 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in� पर जाकर आसानी से देख सकेंगे। परिणाम घोषणा का कार्यक्रम उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जहां शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती समेत बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। बोर्ड सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के अनुसार, पहली बार आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन किया गया, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों में बढ़ोतरी हुई। परीक्षा आयोजन से लेकर मूल्यांकन तक सभी चरण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए गए।
परीक्षा में इस बार कुल 2,15,252 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित की गईं, जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कराई गईं, जिससे पूरे राज्य में एकरूपता बनाए रखी जा सकी।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में कुल 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। इनमें से 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। जिला स्तर पर टिहरी गढ़वाल में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जबकि चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र स्थापित किए गए।
इस बार छात्रों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था भी लागू की गई है। बोर्ड ने सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड उपलब्ध कराए हैं, जिससे छात्र अपने-अपने विद्यालयों में ही आसानी से परिणाम देख सकेंगे। इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी रिजल्ट उपलब्ध रहेगा, जिससे छात्रों और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब छात्रों और अभिभावकों की नजरें 25 अप्रैल पर टिकी हैं। लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और लाखों छात्र अपने भविष्य के इस महत्वपूर्ण पड़ाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


