उत्तराखंड में 48 घंटे भारी मौसम का अलर्ट, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी; मानसून अपडेट भी जानें
उत्तराखंड में मौसम बदला, कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी।
मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट, 6 जून तक प्रदेश में अस्थिर मौसम रहने की संभावना
देहरादून, 04 जून 2026। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। देहरादून सहित प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बुधवार दोपहर बाद झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इस दौरान कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई। हाथीपांव में 39 मिमी, कोटी में 34 मिमी, पौड़ी में 30 मिमी तथा मुक्तेश्वर में 29 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में 48 घंटे भारी मौसम का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले 48 घंटे मौसम के बिगड़े रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 6 जून तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है, जबकि 4 और 5 जून को हालात और अधिक बिगड़ने की संभावना है। इन दिनों तेज बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं।
4 जून को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
4 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चमोली जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सहित अन्य मैदानी जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है। यहां हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इन जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।
5 जून को भी भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा
5 जून को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इन सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
राज्य के शेष पर्वतीय जनपदों के साथ-साथ हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
6 जून तक जारी रह सकता है असर, 7 से सुधार के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। 6 जून को भी कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि 7 जून से मौसम में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं।
केरल में मानसून की दस्तक, उत्तराखंड में 20-26 जून तक संभावना
इधर दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है, जिससे देश में मानसून की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून अब मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ेगा।
उत्तराखंड में मानसून के 20 से 26 जून के बीच किसी भी समय पहुंचने की संभावना जताई गई है। मानसून सक्रिय होने पर पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश के दौर और तेज हो सकते हैं। मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


