UPSC Result: उत्तराखंड के ऋषभ और आशुतोष का कमाल, देवभूमि का बढ़ाया मान
कड़ी मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी सफलता
परिवार और शिक्षकों में खुशी की लहर, क्षेत्र में जश्न का माहौल
देवभूमि के युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुओं को दिया
रवांई घाटी के दो युवाओं ने सिविल सेवा परीक्षा में हासिल की सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर
Uttarkashi News- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की रवांई घाटी में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के दो होनहार युवाओं ऋषभ नौटियाल और आशुतोष नौटियाल ने परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और देवभूमि उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
पुरोला क्षेत्र के सुनाली गांव निवासी ऋषभ नौटियाल ने यूपीएससी परीक्षा में 552वीं रैंक प्राप्त की है। ऋषभ की इस उपलब्धि से रवांई घाटी सहित पूरे उत्तरकाशी जिले में गर्व और खुशी का माहौल है।
ऋषभ नौटियाल के पिता त्र्यंबक प्रसाद नौटियाल मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) में सहायक अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता ललिता नौटियाल गृहिणी हैं। ऋषभ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई द दून स्कूल, देहरादून से की। इसके बाद उन्होंने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, जोधपुर से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
ऋषभ की सफलता उनके धैर्य और निरंतर मेहनत की मिसाल है। इससे पहले वह तीन बार संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में सफलता हासिल कर अपने सपनों को साकार कर लिया।
वहीं बनाल पट्टी के गुलाड़ी गांव निवासी आशुतोष नौटियाल ने यूपीएससी परीक्षा में 398वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से रवांई घाटी और बड़कोट क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
आशुतोष के पिता विकासनगर में अध्यापक हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। यह उनका भी चौथा प्रयास था। इससे पहले वह तीन बार यूपीएससी की मुख्य परीक्षा तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया था। लगातार प्रयास और मेहनत के बल पर इस बार उन्होंने सफलता हासिल कर ली।
स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि ऋषभ और आशुतोष की इस उपलब्धि ने रवांई घाटी सहित पूरे उत्तरकाशी जनपद और देवभूमि उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


