उधम सिंह नगर: भीषण सड़क हादसे में स्कूटी-स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
शादी समारोह से लौटते समय मोबाइल लेने दोबारा हल्द्वानी जा रहे थे युवक, टांडा जंगल में हुआ दर्दनाक हादसा
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। टांडा जंगल क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत और हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन, सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे। दोनों अपने साथी रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय आकाश के साथ शनिवार शाम हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
समारोह के बाद तीनों देर रात स्कूटी से रुद्रपुर लौट आए। इसी दौरान एक युवक का मोबाइल हल्द्वानी में छूट गया। मोबाइल वापस लेने के लिए तीनों रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी की ओर रवाना हुए।
टांडा जंगल में भीषण टक्कर
बताया जा रहा है कि जैसे ही स्कूटी सवार तीनों युवक संजय नगर से लगभग दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो का भी आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए।
अस्पताल में तीनों को मृत घोषित किया गया
हादसे की सूचना मिलते ही पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


