हल्द्वानी: दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसों की डोर
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में छाया मातम
घटना की जांच में जुटी पुलिस
Haldwani News- उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है यहां टांडा क्षेत्र से गुजरते समय दोपहिया वाहन अचानक सामने आए हाथी से टकरा गया, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा की गफूर बस्ती में रह रहे शकील (26) और जाफर (28) शनिवार शाम अपनी बाइक से हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। बेलबाबा से आगे टांडा रोड स्थित हाथी कॉरिडोर में अचानक एक हाथी सड़क पर आ गया। तेज रफ्तार में चल रहे दोपहिया वाहन को संभालने का मौका नहीं मिला और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में चालक शकील के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि पीछे बैठे जाफर भी बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद शकील को मृत घोषित कर दिया, जबकि जाफर की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उसे बरेली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
बताया जा रहा दोनों युवक हल्द्वानी में रहकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी और कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को उनके मूल निवास शाहजहांपुर ले जाया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। वहीं, दो जवान बेटों की एक साथ मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
- घटना देर रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तब तक दोनों घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। प्रारंभिक जांच में हाथी के हमले की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
- — ललित जोशी, रेंजर, हल्द्वानी रेंज
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


