नैनीताल हाईवे पर दोपांखी में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई पर्यटक बस, 14 घायल, 5 गंभीर
कैंची धाम से लौटते समय दोपांखी के पास हादसा, तेज रफ्तार और यू-टर्न के दौरान बिगड़ा नियंत्रण, हायर सेंटर रेफर किए गए गंभीर घायल
नैनीताल। अल्मोड़ा-हल्द्वानी नेशनल हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक पर्यटक बस निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई। हादसे के समय बस में कुल 28 यात्री सवार थे, जिनमें से 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पांच की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता से एक शादी समारोह में शामिल होने आए पर्यटक कैंची धाम (नीम करौली आश्रम) के दर्शन कर हल्द्वानी लौट रहे थे। इसी दौरान गरमपानी के पास बस चालक महेश पांडे एक होटल में अपना मोबाइल फोन भूल गया। यात्रियों के मुताबिक चालक ने मोबाइल वापस लेने के लिए बस को यू-टर्न लेकर वापस गरमपानी की ओर मोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही बस दोपांखी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बस डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। कुछ यात्रियों ने यह भी आशंका जताई कि सड़क पर अचानक किसी जंगली जानवर के आने से चालक का संतुलन बिगड़ा होगा।
घटना की सूचना मिलते ही खैरना पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घायलों में पश्चिम बंगाल के हावड़ा और हुगली क्षेत्रों के साथ-साथ राजस्थान के पर्यटक भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
गनीमत यह रही कि बस पुल के पैरापिट से टकराकर रुक गई, अन्यथा गहरी खाई वाले इस पहाड़ी मार्ग पर बड़ा हादसा हो सकता था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


