हल्द्वानी: गैस, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें—जिलाधिकारी
प्रशासन अलर्ट, सप्लाई चेन की हो रही नियमित निगरानी
हल्द्वानी, 27 मार्च 2026: जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की कमी नहीं है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों—भारत, एचपी और इंडेन—में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस एजेंसियों या गोदामों की ओर न जाएं। प्रशासन द्वारा सप्लाई चेन और स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी सहित सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस, पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित करें।
उन्होंने जानकारी दी कि पिछले सप्ताह जनपद में गैस का बैकलॉग करीब 40 हजार था, जो अब घटकर 25 हजार रह गया है। धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से ऑनलाइन बुकिंग कराने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से गोदामों पर जाने की जरूरत नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन स्टोर न करें, क्योंकि घरों में ज्वलनशील पदार्थ जमा करना आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर सकता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


