तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट खुले, “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंजा धाम
चोपता से डोली पहुंचने के बाद शुभ मुहूर्त में खुले कपाट, सैकड़ों श्रद्धालु बने साक्षी
तुंगनाथ/उखीमठ/रुद्रप्रयाग, 22 अप्रैल।
विश्व के सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित पंचकेदारों में प्रतिष्ठित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ मंदिर के कपाट आज बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। प्रातः चोपता से भगवान की चल-विग्रह डोली धाम के लिए रवाना हुई, जिसके पश्चात पूर्वाह्न 11 बजे शुभ मिथुन लग्न में मंदिर के कपाट खोले गए। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा धाम “हर-हर महादेव” व “ऊं नमः शिवाय” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कपाट खुलने की प्रक्रिया 20 अप्रैल से प्रारंभ हो गई थी, जब भगवान तुंगनाथ की डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ (मर्कटेश्वर मंदिर) से प्रस्थान कर भूतनाथ मंदिर पहुंची थी। 21 अप्रैल को डोली चोपता पहुंची और आज 22 अप्रैल को धाम पहुंचने पर भव्य स्वागत के बीच परंपरागत विधियों के साथ मंदिर के द्वार खोले गए।
कपाटोद्घाटन के दौरान मैठाणी पुजारियों द्वारा बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। स्वयंभू शिवलिंग को समाधि रूप से जागृत कर श्रृंगार किया गया और जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए।
मंदिर परिसर को 5 क्विंटल से अधिक फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। अब आगामी छह माह तक भक्त इसी धाम में भगवान तुंगनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवाण, कथावाचक आचार्य लंबोदर प्रसाद मैठाणी, मठाधीश मुकेश मैठाणी, पूर्व मठापति रामप्रसाद मैठाणी, डोली प्रभारी प्रकाश पुरोहित, प्रबंधक बलबीर नेगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


