देहरादून में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर टेबल टॉप मीटिंग, 24 अप्रैल को रात 10 बजे होगा अभ्यास
आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर में होगा अभ्यास, सायरन के जरिए दिया जाएगा अलर्ट
देहरादून, 23 अप्रैल 2026। नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को परखने के लिए 24 अप्रैल को देहरादून में एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित एसओपी के तहत जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सविन बंसल के निर्देशों में किया जा रहा है। मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर एनआईसी सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ टेबल टॉप बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों और तहसील स्तर के नामित अधिकारी मौजूद रहे।
इस मॉक ड्रिल के तहत शहर के चार प्रमुख स्थानों—आईएसबीटी, डिल रायपुर, घंटाघर और आराघर—में अभ्यास किया जाएगा। रात 10:05 बजे से करीब 30 मिनट तक इन क्षेत्रों में ब्लैकआउट रहेगा, जिसके दौरान स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। अभ्यास शुरू होने से पहले सायरन बजाकर आम लोगों को संकेत दिया जाएगा।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य नागरिक सुरक्षा संगठन की तैयारी का मूल्यांकन, ब्लैकआउट और चेतावनी प्रणाली की जांच, विभागीय समन्वय को मजबूत करना और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को परखना है। इसके लिए जिला स्तर पर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) स्थापित किया गया है और विभिन्न स्थानों पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। दूरसंचार, मोबाइल, वायरलेस और हॉटलाइन के माध्यम से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाएगा, जबकि संबंधित विभागों के अधिकारी 24×7 तैनात रहेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यह केवल एक पूर्व निर्धारित मॉक अभ्यास है, इसलिए किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें और प्रशासन का सहयोग करें। यह मॉक ड्रिल पूरे देश में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी को परखने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन, सिविल डिफेंस, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


