बागेश्वर: नमामि गंगे के तहत कचरा प्रबंधन पर सख्ती, अवैध डंपिंग पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा
बागेश्वर, 27 मार्च 2026: नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत जनपद में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े की अध्यक्षता में आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में कचरा प्रबंधन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान स्थिति और लेगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निकायों में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए और अवैध डंपिंग स्थलों की पहचान कर उन्हें जल्द समाप्त किया जाए।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद बागेश्वर द्वारा क्यूआर कोड आधारित शिकायत निस्तारण प्रणाली शुरू किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। जिलाधिकारी ने इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्लास्टिक या कचरा जलाने की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ चालान अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। नमामि गंगे के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए सभी विभागों और निकायों को समन्वय के साथ काम करते हुए तय समय में लक्ष्य हासिल करना होगा।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी अनिल चनियाल एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


