हरिद्वार: शहजाद बने शंकर, रजिया बनी सावित्री, पूरे परिवार ने अपनाया सनातन धर्म
गंगा स्नान, यज्ञोपवीत और नामकरण संस्कार के साथ परिवार के पांच सदस्यों ने बदली पहचान
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में एक मुस्लिम परिवार ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाते हुए नई पहचान के साथ जीवन की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र से आए इस परिवार के मुखिया मोहम्मद शहजाद अब शंकर बन गए हैं, जबकि उनकी पत्नी रजिया ने सावित्री नाम धारण किया। परिवार के कुल पांच सदस्यों ने गंगा स्नान कर विधि-विधान के साथ जनेऊ धारण किया, जिस पर संत समाज ने उनका स्वागत किया।
मंगलवार को चंडीघाट स्थित ब्रह्मकुंड क्षेत्र में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे परिवार को गंगाजल से स्नान कराया गया। इसके बाद यज्ञ के माध्यम से शुद्धि प्रक्रिया संपन्न हुई और सभी ने सनातन धर्म के जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
यज्ञोपवीत संस्कार के पश्चात नामकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई, जिसमें मोहम्मद शहजाद का नाम शंकर, उनकी पत्नी रजिया का नाम सावित्री रखा गया। वहीं, उनकी ज्येष्ठ पुत्री का नाम रुक्मणी, कनिष्ठ पुत्री का नाम दीक्षा और पुत्र का नाम रुद्र रखा गया।
यह संपूर्ण अनुष्ठान गौरी शंकर मंदिर गौशाला परिसर में संत राम विशाल दास महाराज के सान्निध्य और अरुण कृष्ण महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और अनुज शास्त्री ने विधिपूर्वक संपन्न कराया। इस अवसर पर अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के संरक्षक बाबा हठयोगी, अध्यक्ष स्वामी प्रबोधानंद गिरी, श्रीकृष्ण सनातन सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अरुण कृष्ण सहित कई संत और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


