उत्तराखंड: हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला, युवक को बंधक बनाकर पीटा; अश्लील वीडियो से 50 लाख की ब्लैकमेलिंग
प्रेमजाल में फंसाकर बुलाया, कार में बैठते ही साथियों ने बना लिया बंधक
कमरे में ले जाकर बेरहमी से मारपीट, कपड़े उतरवाकर बनाया अश्लील वीडियो
मौका पाकर युवक ने तोड़ा कमरे का ताला, कार और नगदी लूटकर फरार हुए आरोपी
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
Udham Singh Nagar Crime News- जनपद ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र में हनी ट्रैप और अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर महिला ने पीलीभीत के युवक को अपने प्रेमजाल में फंसाकर नानकमत्ता बुलाया और साथियों के साथ मिलकर उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसकी कार और नगदी लूट ली तथा अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग डाली। किसी तरह पीड़ित आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहा। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पवन कुमार पुत्र शिवहरी, निवासी कलीनगर थाना माधोटांडा (पीलीभीत) ने बताया कि करीब तीन दिन पहले उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। महिला ने अपना नाम पिंकी बताया और खुद को खटीमा का निवासी बताया। बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि उसका पति मेरठ में रहता है और उसके साथ मारपीट करता है। सहानुभूति बटोरते हुए उसने पवन से दोस्ती कर ली और मिलने के लिए खटीमा बुला लिया।
मच्छी झाला के पास रुकवाई कार, घात लगाए बैठे थे आरोपी
पीड़ित के अनुसार 13 मार्च की रात करीब 9 बजे महिला ने उसे मच्छी झाला के पास आने के लिए कहा। जब वह अपनी आई-10 कार से वहां पहुंचा तो सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं ने हाथ देकर कार रुकवाई। इनमें से एक ने खुद को पिंकी बताया। जैसे ही पवन ने कार रोकी, वहां पहले से घात लगाए बैठे चार युवक अचानक कार में घुस गए। आरोपियों ने उसे ड्राइवर सीट से खींचकर बगल वाली सीट पर पटक दिया और मारपीट शुरू कर दी।
कमरे में बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे कार समेत करीब 6–7 किलोमीटर दूर एक अनजान गांव में ले गए, जहां एक कमरे में बंद कर दिया। वहां आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
जबरन कपड़े उतरवाकर बनाया अश्लील वीडियो
दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने पवन के जबरन कपड़े उतरवाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे।
शराबी युवक की निगरानी में छोड़कर गए आरोपी, ऐसे बचाई जान
पीड़ित के मुताबिक देर रात आरोपी उसे एक शराबी युवक की निगरानी में कमरे में छोड़कर चले गए। जब वह युवक गहरी नींद में सो गया तो पवन ने मौका देखकर कमरे का ताला तोड़ा और वहां से भाग निकला।
कार, नगदी और सोने की अंगूठी लूटी
पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसकी आई-10 कार, 10 हजार रुपये की नगदी और सोने की अंगूठी भी लूटकर ले गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Assembly Election: पांच राज्यों में चुनावी रण तैयार, चुनाव आयोग ने जारी किया विधानसभा चुनाव कार्यक्रम