उत्तराखंड: टैक्सी स्टैंड के पास संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू की
पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा, पुलिस खंगाल रही आसपास के सीसीटीवी फुटेज
Champawat News- नगर के भैरवां टैक्सी स्टैंड के समीप गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उमेश जोशी उर्फ सोनू (34) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चम्पावत क्षेत्र के ग्राम चनई का निवासी था और वर्तमान में भैरवां टैक्सी स्टैंड के पास ढकना बडोला रोड पर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह किसी परिचित व्यक्ति ने युवक को टैक्सी स्टैंड के पास जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन तुरंत उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। मृतक के पिता हेमचंद्र जोशी ने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


